उदाकिशुनगंज: बेटी की शादी की तैयारी थी, इलाज के दौरान पिता की मौत से परिवार में मातम; परिजनों ने उठाए सवाल

 

मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र में इलाज के दौरान 45 वर्षीय मो. मुनचुन की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा है। मृतक की पहचान नगर परिषद उदाकिशुनगंज के वार्ड संख्या 13 स्थित उजानी टोला रहटा निवासी मो. मुनचुन के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह मो. मुनचुन को बुखार आया था। इसके बाद उन्हें बेचैनी महसूस होने लगी। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें उदाकिशुनगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप स्थित डॉ. डीके सिन्हा के क्लिनिक लेकर पहुंचे। वहां उनका इलाज शुरू किया गया और सलाइन चढ़ाई गई।



परिजनों का कहना है कि इलाज के दौरान अचानक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। उन्हें कहीं और ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन इससे पहले ही उनकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी बीबी मंजरी खातून ने बताया कि क्लिनिक पहुंचने तक उनके पति की हालत ठीक थी। उनके मुताबिक, सलाइन लगाए जाने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि करीब एक महीने बाद उनकी बेटी की शादी होनी थी, जिसकी परिवार में तैयारी चल रही थी। पति की मौत के बाद अब बेटी की शादी कैसे होगी, इसे लेकर परिवार सदमे में है।



वहीं, डॉ. डीके सिन्हा ने परिजनों के आरोप से अलग अपना पक्ष रखते हुए बताया कि मरीज की हालत पहले से ही काफी खराब थी। उनके अनुसार, मरीज का घर पर भी इलाज कराया गया था और वहां दो बोतल सलाइन लगाई गई थी। इसके बाद मरीज को क्लिनिक लाया गया। मरीज की स्थिति को देखते हुए उन्होंने ब्लड टेस्ट समेत अन्य जांच कराने की सलाह दी थी।
फिलहाल मरीज की मौत के कारणों को लेकर परिजनों और डॉक्टर के बयान अलग-अलग हैं। मौत की वास्तविक वजह जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ